रायपुर, 16 जुलाई। बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के ईएनटी विभाग के डॉक्टरों ने छह वर्षीय बालक की आहार नली में फंसा सिक्का सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचा ली। बालक को गंभीर हालत में पेंड्रा से सिम्स रेफर किया गया था।
जांच में एक्स-रे के जरिए सिक्के की स्थिति का पता चलने के बाद डॉक्टरों ने सामान्य एनेस्थीसिया देकर रिजिड इसोफैगोस्कोपी तकनीक से सिक्का सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत सामान्य बताई गई है।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने इसे डॉक्टरों के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह और ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पाण्डेय ने अभिभावकों से बच्चों की पहुंच से सिक्के, बैटरी और छोटे खिलौने दूर रखने तथा ऐसी स्थिति में तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की।

