मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु से लोगों को मिल रहा त्वरित समाधान

रायपुर, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु के माध्यम से प्रदेशभर में नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है। राशन कार्ड, आधार सुधार और निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं अब पहले की तुलना में अधिक तेजी से उपलब्ध हो रही हैं।

दुर्ग जिले के पाटन निवासी अभिषेक चतुर्वेदी की पत्नी का लंबे समय से लंबित राशन कार्ड हेल्पलाइन में शिकायत के बाद जारी हुआ। वहीं खैरागढ़ की शमाबाई रामटेके के आधार कार्ड में पते की त्रुटि और बायोमेट्रिक अपडेट की समस्या का भी समाधान किया गया।

इसी तरह खैरागढ़ के इन्द्रेश कुमार विश्वकर्मा को इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए आवश्यक निवास प्रमाण पत्र सेवा सेतु के माध्यम से उसी दिन जारी किया गया। राज्य सरकार का कहना है कि इन पहलों से शासकीय सेवाओं की पारदर्शी और त्वरित पहुंच सुनिश्चित होने के साथ आमजन का भरोसा भी बढ़ा है।