वृक्षों की कटाई और लॉगिंग की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण, श्रमिक सुरक्षा पर जोर

कवर्धा के सिंगपुर बीट में वन विकास निगम ने आयोजित की कार्यशाला

रायपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने कवर्धा के सिंगपुर बीट में वृक्षों के वैज्ञानिक पातन और लॉगिंग की उन्नत तकनीकों पर एक दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में मैदानी अमले और श्रमिकों को जंगल में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में निर्धारित लॉगिंग प्लान के अनुसार काष्ठ कटाई, छंटाई और लट्ठे तैयार करने की तकनीक बताई गई। बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण काष्ठ तैयार करने और निगम का राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में कटाई के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा छोटे पौधों और प्राकृतिक पुनरुत्पादन को नुकसान से बचाने के उपाय भी बताए गए।

प्रबंध संचालक अमरनाथ प्रसाद के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में क्षेत्रीय महाप्रबंधक राम अवतार दुबे, मंडल प्रबंधक राम कुमार सिदार सहित अधिकारी, कूप प्रभारी और मैदानी श्रमिक उपस्थित रहे।