दुर्ग में बीएसपी और बस्तर में एनएमडीसी बनेगा उद्योग भागीदार, युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण
रायपुर, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में पीएम-सेतु योजना के तहत दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) और एनएमडीसी लिमिटेड के साथ एमओयू किया गया। योजना के तहत प्रदेश के 30 शासकीय आईटीआई को आधुनिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इससे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी।
योजना के तहत दुर्ग, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और रायपुर में छह क्लस्टर बनाए जाएंगे। इनमें छह हब और 24 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे। पांच साल में इन संस्थानों के उन्नयन पर करीब 1,446 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। इससे आधुनिक मशीनें, उपकरण और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
दुर्ग क्लस्टर में बीएसपी और बस्तर क्लस्टर में एनएमडीसी एंकर इंडस्ट्री पार्टनर होंगे। वहीं, सरगुजा में एसईसीएल और कोरबा में एनटीपीसी ने सहभागिता की सहमति दी है। रायपुर और रायगढ़ क्लस्टर के लिए उद्योग भागीदारों के चयन की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की प्रत्यक्ष भागीदारी से युवाओं को व्यावहारिक एवं आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे स्वरोजगार व उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकेंगे।

