दिव्यांग बच्चों ने राज्यपाल को बांधा रक्षा सूत्र

रायपुर। रक्षाबंधन पर कोपल वाणी के श्रवण बाधित दिव्यांग बच्चों और मिनी मार्वेल्स स्कूल के नन्हे बच्चों ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका को अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। बच्चों ने राज्यपाल के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और उन्हें मिठाई खिलाई।
बच्चों के स्नेह से अभिभूत राज्यपाल ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उपहार भेंट कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व है। दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। कार्यक्रम में कोपल वाणी की संस्थापिका पदमा शर्मा, श्रद्धा साहू, सोनिया दामनी तथा मिनी मार्वेल्स स्कूल की डायरेक्टर अनुभूति श्रीवास्तव सहित शिक्षक मौजूद रहे।