मंत्री बृजमोहन की मां पिस्ता देवी के अंतिम संस्कार में उमड़ा सैलाब


फणनवीस, नरेंद्र सिंह तोमर, शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल समेत देशभर के नेताओं ने दी श्रध्दांजलि

राज्यपाल, सीएम साय, डॉ. रमन, भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने जताया दुख

रायपुर । शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी का मंगलवार को निधन हो गया। 91 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांसे ली। पिस्ता देवी अग्रवाल की अंतिम यात्रा रामजी वाटिका मौलश्री विहार, रायपुर से निकली। उनका अंतिम संस्कार मारवाड़ी शमशान घाट में संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में पूरे प्रदेश से आए लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माताजी के निधन पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने एक्स पर निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोक-संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करें। ओम शांति। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी अग्रवाल के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा कि हमारे कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के मां पिस्तादेवी अग्रवाल के देवलोकगमन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। प्रभु श्रीराम से मेरी प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। शांति। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी मंत्री अग्रवाल के निवास पहुंचकर उन्हें श्रध्दा-सुमन अर्पित किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल समेत देशभर के नेताओं ने श्रध्दाजंलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माताजी के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा है कि मां का जाना जीवन से छांव के चले जाने जैसा होता है। छत्तीसगढ़ शासन में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को मातृ शोक का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। शोकाकुल परिजनों को संबल दे। ओम शांति।