रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम खोखरा निवासी सुवासिनी सूर्यवंशी के लिए इस बार रक्षाबंधन खास रहा। महतारी वंदन योजना के तहत खाते में पहुंची 1,000 रुपए की राशि ने त्योहार की खुशियां बढ़ा दीं। सुवासिनी ने इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से बहनों के लिए भाई का उपहार बताया।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सुवासिनी के अनुसार, राशि से घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ वे कुछ रकम भविष्य के लिए बचाती हैं। नियमित सहायता मिलने से उनकी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम हुई है।
रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने पर सुवासिनी ने कहा, “विष्णु भैया ने खाते में एक हजार रुपये भेजकर त्योहार की खुशी बढ़ा दी। अब इन पैसों से साड़ी और राखी खरीदेंगे। हमारे लिए यह भाई का उपहार है।”
उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक सहायता से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ रही है।

