रायपुर। छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों की नीलामी को बढ़ावा देने 31 अगस्त को नवा रायपुर में रोड शो होगा। भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू व सतीश चंद्र दुबे समेत केंद्र-राज्य के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।
नीलामी की 8वीं किश्त में देशभर के 20 खनिज ब्लॉक्स शामिल हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे खनिज इनमें शामिल हैं।
रोड शो में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ होगा। कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए एमओयू, माइनर मिनरल्स पर पुस्तक का विमोचन और तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
तकनीकी सत्र में खनिज ब्लॉक्स, ई-नीलामी प्रक्रिया और अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति योजना पर चर्चा होगी। 1 सितंबर को नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के संचालन की समीक्षा के साथ माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

