तेन्दूपत्ता बोनस घोटाला: समिति प्रबंधक राजशेखर पुराणिक गिरफ्तार

रायपुर, 9 जुलाई।

तेन्दूपत्ता बोनस गबन मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति प्रबंधक राजशेखर पुराणिक को गिरफ्तार कर लिया है। वह सुकमा स्थित फुलबगड़ी प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समिति में प्रबंधक और जिला लघु वनोपज यूनियन में पर्यवेक्षक के पद पर पदस्थ था।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, वर्ष 2021 और 2022 के तेंदूपत्ता बोनस वितरण में करीब 7 करोड़ रुपये का गबन हुआ। जांच में सामने आया कि तत्कालीन डीएफओ अशोक कुमार पटेल समेत कई वन अधिकारियों और समिति प्रबंधकों ने संग्राहकों को भुगतान न कर बड़ी रकम का दुरुपयोग किया।

मामले में अपराध क्रमांक 26/2025, धारा 409 व 120बी के तहत 8 अप्रैल को मामला दर्ज हुआ था। इससे पहले अशोक कुमार पटेल को 17 अप्रैल और 11 अन्य आरोपियों को 25 जून को गिरफ्तार किया गया था।

प्रकरण में आगे की जांच जारी है।