रायपुर। बस्तर की महिला स्व-सहायता समूह ने स्थानीय वनोपज से नया उत्पाद तैयार कर उद्यमिता की मिसाल पेश की है। वन धन विकास केंद्र, बकावंड की धारणी करीन स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने ऑर्गेनिक काजू और गुड़ से बिना शक्कर की बस्तर काजू-कतली तैयार की है। वन मंत्री केदार कश्यप ने इसकी सराहना की।
समूह की महिलाओं ने रिवॉल्विंग फंड से ऋण लेकर कच्चे काजू की खरीदी और प्रसंस्करण शुरू किया। बाजार में काजू बेचकर लाभ कमाने के बाद उन्होंने शक्कर-रहित काजू-कतली बनाने का नवाचार किया। आधा और एक किलो की पैकिंग में उपलब्ध इस उत्पाद को ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
महिलाओं ने मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर उन्हें काजू-कतली भेंट की। उन्होंने बताया कि बस्तर दशहरा और दीपावली के दौरान विभागीय आउटलेट ‘संजिवनी’ के माध्यम से इसकी आपूर्ति की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को समूह को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

