रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को विधानसभा परिसर से ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के तहत निःशुल्क मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह लैब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन, 3डी प्रिंटिंग, कोडिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण बच्चों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में अहम कदम है। वहीं डॉ. रमन सिंह ने इसे ग्रामीण प्रतिभाओं को नई पहचान देने वाली पहल बताया।
पांच प्रशिक्षकों की टीम स्कूलों में तीन से पांच दिन की कार्यशालाएं आयोजित करेगी। पहले वर्ष में 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।

