रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजा गया। संसदीय पत्रकारिता में संतराम साहू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अनुशासन और संसदीय मर्यादा की उत्कृष्ट परंपराएं स्थापित की हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेशहित के मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष की सकारात्मक चर्चा विधानसभा की सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह में भजन गायक अनूप जलोटा ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

