रायपुर। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के तहत नगर निवेश उड़न दस्ता ने मंगलवार को मालवीय रोड में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम प्रहरी द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर व्यापार कर रहे पांच दुकानदारों के सामान को जब्त कर लिया गया। वहीं, यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे ठेलों को भी हटाते हुए मौके पर जप्ती की गई।
यह कार्रवाई रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर की गई। नगर निगम रायपुर मुख्यालय के नगर निवेश उड़न दस्ता द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद दुकानदारों द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर सामान रखकर व्यापार किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद मालवीय रोड पर यातायात तत्काल प्रभाव से सुगम हो गया, जिससे आम नागरिकों को राहत महसूस हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जनहित में जारी रहेगा।
