एआई आतिशबाजी और 61 फीट का रावण रहेगा आकर्षण का केंद्र
राजनांदगांव। विजयादशमी पर छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति द्वारा म्युनिसिपल स्कूल मैदान में भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन के 19वें वर्ष में दिल्ली की भजन एवं प्लेबैक गायिका स्वस्ति मेहुल जैन अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके लोकप्रिय भजन ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ और ‘कृष्णा-कृष्णा मधुरम-मधुरम’ विशेष आकर्षण रहेंगे।
समिति अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि इस वर्ष मुंबई की टीम द्वारा एआई तकनीक से सुसज्जित आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, करीब 61 फीट ऊंचा रावण भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव सहित अन्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। दर्शकों की सुविधा के लिए नि:शुल्क पास वितरित किए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पास पर गेट नंबर अंकित होंगे तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पार्किंग के लिए पुतरीशाला, पुराना अस्पताल और ओवरब्रिज के नीचे स्थान निर्धारित किए गए हैं।

