किसान ने जुगाड़ से बनाई सीड ड्रिल, कम लागत में आसान हुई मूंगफली की बुवाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के ग्राम दरमोहली के प्रगतिशील किसान भानुप्रताप उर्फ भानु रंगीला ने जुगाड़ तकनीक से पारंपरिक कृषि उपकरण को सीड ड्रिल में बदलकर कम लागत में आधुनिक बुवाई का सफल मॉडल तैयार किया है। राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ऑयल) योजना के तहत कृषि विभाग से मिले 80 किलो गुणवत्तायुक्त मूंगफली बीज से उन्होंने करीब दो एकड़ में वैज्ञानिक तरीके से बुवाई की।
सीड ड्रिल से कम समय में समान दूरी पर बुवाई, बीज की बचत, श्रम लागत में कमी और बेहतर अंकुरण जैसे फायदे मिल रहे हैं। कृषि विभाग ने इसे किसानों के लिए प्रेरणादायी नवाचार बताया है।
विभाग के अनुसार योजना के तहत किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है, जिससे तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि का लक्ष्य पूरा किया जा सके।