अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ का शिमला कहलाने वाला मैनपाट अब एग्री-टूरिज्म का नया केंद्र बन रहा है। ग्राम बारिमा के किसान मनोज यादव ने 0.50 हेक्टेयर जमीन पर नाशपाती का बाग लगाकर इस सीजन में करीब 1.50 लाख रुपए का शुद्ध मुनाफा कमाया है।
वर्ष 2017-18 में उद्यानिकी विभाग की मदद से लगाए गए 200 पौधों में वर्तमान में 170 फलदार पेड़ हैं। ओलावृष्टि के बावजूद बाग से करीब 260 कैरेट नाशपाती का उत्पादन हुआ। थोक बिक्री के साथ पर्यटकों को सीधे फल बेचकर अतिरिक्त आय हुई।
मेहता पॉइंट के पास स्थित यह बाग अब पर्यटकों का आकर्षण भी बन गया है। रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचकर पेड़ों से खुद नाशपाती तोड़ने का आनंद लेते हैं और ताजे फल खरीदते हैं। मनोज यादव ने किसानों और युवाओं से फलोद्यान अपनाकर कम जमीन में अधिक मुनाफा कमाने की अपील की है।

