रायपुर। विश्व युवा कौशल विकास दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने कौशल विकास के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां सामने रखीं। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अब तक 4.94 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 2.74 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है।
राज्य में एआई-एमएल, ड्रोन, इलेक्ट्रिक व्हीकल, साइबर सुरक्षा और सौर ऊर्जा जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और प्रशिक्षकों के टीओटी प्रमाणन को अनिवार्य किया गया है।
बस्तर के सभी विकासखंडों तक कौशल विकास केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। वहीं महिंद्रा, साइरोनिक्स, नांदी फाउंडेशन और श्री सत्य साई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट जैसी संस्थाओं के सहयोग से उद्योग आधारित प्रशिक्षण संचालित किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार नवा रायपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की तैयारी कर रही है, जहां विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। इंडिया स्किल प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने 12 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

