रायपुर, । यातायात पुलिस की नवपदस्थ डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने पदभार ग्रहण करते ही शहर के करीब 70 स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती बरतने और स्कूल बसों में सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पीटीएम के दौरान अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने के लिए जागरूक किया जाए। ऐसा करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन स्वामी या अभिभावक पर 25 हजार रुपये तक जुर्माना और छह माह तक की सजा का प्रावधान है।
डीसीपी ने सभी स्कूलों को बसों का हर माह मैकेनिकल निरीक्षण कराने तथा चालक-परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त डीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी गुरजीत सिंह, सुरेन्द्र साय, सीमा अहिरवार सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य मौजूद रहे।

