रायपुर, 16 जुलाई। नक्सल प्रभावित रहे सुकमा जिले की खिलाड़ी शैली गुप्ता ने नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 24 से 26 जून तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय मत्सोगी-डो चैंपियनशिप के 49 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए शैली ने फाइनल में एकतरफा जीत दर्ज की। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने उन्हें बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद शैली ने अपने माता-पिता के साथ सुकमा कलेक्टर अमित कुमार से मुलाकात की। कलेक्टर ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

