रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के पहाड़ी चौक सब्जी बाजार में एक ड्राइवर का मोबाइल चोरी कर फोन-पे से 99 हजार रुपये उड़ाने वाले झारखंड और बंगाल के 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के पास से 10 मोबाइल, 1 लाख रुपये नकद और 10 एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।
पूरी वारदात को 3 चरणों में अंजाम दिया गया—एक टीम बाजारों में मोबाइल चोरी करती थी, दूसरी उससे रकम ट्रांसफर कर पश्चिम बंगाल भेजती थी और तीसरी टीम एटीएम से कैश निकालकर झारखंड पहुंचाती थी।
DIG डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट व गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल और झारखंड में कैंप कर की। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी और साइबर ट्रेसिंग के जरिए हुई। गिरोह अब तक करोड़ों की रकम ट्रांसफर कर चुका है। बिहार, महाराष्ट्र, यूपी, दिल्ली सहित कई राज्यों में इनकी गतिविधियां सामने आई हैं।
पकड़े गए आरोपियों में विकास महतो, यासीन कुरैशी, शेख सुलेमान उर्फ राजन, अंकित शर्मा, सोनू मंडल और पिंटू मोहले शामिल हैं। अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर, साइबर प्रभारी परेश पांडे और अन्य अधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा।
