रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने तीखा प्रहार करते हुए इसे “कांग्रेस के डीएनए में बसी आदिवासी विरोधी मानसिकता” का प्रमाण बताया।
श्री देव ने कहा कि जब कोई महिला मेहनत से सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँचती है, तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा ईर्ष्या होती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या खड़गे माफी माँगेंगे? क्या कांग्रेस इस बयान की निंदा करेगी और खड़गे को पार्टी से बाहर करेगी?
उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी से लेकर अजय कुमार तक, कांग्रेस नेताओं का रिकॉर्ड राष्ट्रपति पद की गरिमा को ठेस पहुँचाने का रहा है। यह कोई “जुबान फिसलना” नहीं, बल्कि कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति है।
BJP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि खड़गे ने राष्ट्रपति को “हमने बनाया” कहकर न सिर्फ पद का अपमान किया, बल्कि आदिवासी समाज का भी अपमान किया है।
किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर दलित और आदिवासी समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कांग्रेस ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो देशव्यापी आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
“ये कांग्रेस की वही सोच है, जो संविधान और संवैधानिक पदों का सम्मान नहीं करती,” उन्होंने कहा।

