डीजीपी अरूण देव गौतम ने किया राजनांदगांव का आकस्मिक निरीक्षण, दिए कड़े दिशा-निर्देश

राजनांदगांव,छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरूण देव गौतम ने आज जिला राजनांदगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर पुलिस महानिरीक्षक (IG) राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य, राजनांदगांव एसपी मोहित गर्ग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एसपी लक्ष्य शर्मा, मानपुर-मोहला-अं.चौकी एसपी यशपाल सिंह तथा पीटीएस एसपी श्री गजेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर DGP गौतम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिले के राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

पुलिसिंग में कसावट और नक्सल उन्मूलन पर फोकस

बैठक के दौरान डीजीपी ने कहा कि बेसिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। उन्होंने जनसंपर्क बढ़ाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और ईमानदारी से कार्य करने की सलाह दी।

उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था की ड्यूटी, और आसूचना संकलन को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। साथ ही, नक्सल प्रभावित चारों जिलों में समन्वय बनाकर रणनीतिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

सीएसपी और एसडीओपी स्तर के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर अपराधों का गहन पर्यवेक्षण करने को कहा गया।

महिला आरक्षकों से की मुलाकात, किया वृक्षारोपण

समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी श्री गौतम, पीटीएस राजनांदगांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला आरक्षकों के बैच से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने पीटीएस परिसर और पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर तीनों जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।