खड़गे पर गरजे मंत्री केदार कश्यप, कहा- शेर की दहाड़ से सियार भागते हैं

रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नक्सलवाद के खात्मे के लिए बार-बार छत्तीसगढ़ आते हैं, और कांग्रेस को यही हजम नहीं हो रहा।

कश्यप ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “शेर की दहाड़ से सियार भागते हैं, सियारों के चिल्लाने से शेर नहीं भागता।” उन्होंने खड़गे से पूछा कि जब राहुल गांधी का न विदेश में घर है न ससुराल, तो वे बार-बार बाहर क्यों जाते हैं?

कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेताओं को मोदी और शाह का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि शाह बस्तर को नक्सलमुक्त करने और वहाँ विकास लाने के लिए आते हैं, जबकि राहुल गांधी संसद और देश के मुद्दों से बचकर विदेश भागते हैं।

कश्यप ने कांग्रेस पर नक्सलियों से “भाईचारा निभाने” का आरोप भी लगाया और कहा कि कांग्रेस की ओछी राजनीति का देश भलीभांति परिचय पा चुका है।