झोलाछाप डॉक्टर ने बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की, रायपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश

रायपुर |ग्राम बिरोदा (अभनपुर) में 16 जुलाई को हुए बुजुर्ग दंपत्ति के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में झोलाछाप डॉक्टर राकेश कुमार बारले (30), निवासी कोड़ापारा, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इलाज के नाम पर पीड़िता से पैसे वसूलने और बार-बार ताना सुनने की वजह से वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने जमीन सौदे में हुए विवाद के चलते भी मानसिक दबाव बताया। घटना के दिन वह इलाज के बहाने मृतकों के घर गया और चाकू से दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी।

5 दिन की सघन जांच में पुलिस ने 200 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की और टेक्निकल एनालिसिस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, कपड़े, जूते और वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 BNS व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना अभनपुर की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।