स्वास्थ्य कर्मी की हत्या के मामले में सीएमओ सहित चार आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले में एक स्वास्थ्य कर्मचारी के हत्या के मामले में नगर पंचायत के सीएमओ सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि चारों ने जुआ खेलने के विवाद में कर्मचारी की हत्या की है। यह मामला दीपावली के समय का,फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार आरंग क्षेत्र के समोदा नगर पंचायत में पदस्थ सीएमओ केशराम साहू और गोहारापदर में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारी नेम सिंह ध्रुव दोनों सेंदर गांव के रहने वाले हैं। दीपावली त्यौहार के समय छुट्टियों में दोनों गांव आए थे। 13 नवम्बर 2023 को करीबन 10 बजे नेम सिंग ध्रुव गौरा-गौरी देखने गया था, उसी दौरान ग्राम सेंदर के बाजार चौक के पास कुछ लोग ताश खेल रहे थे, केशलाल साहू भी वहां मौजूद था।

नेमसिंग ध्रुव ने सीएमओ केशराम साहू को देखकर हार-जीत के बारे में पूछा, तो केशराम भड़क गया और दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर केशराम साहू, रोशन साहू, टेमन साहू, देवराज साहू एवं नोस साहू सभी ने मिलकर नेमसिंग ध्रुव को गाली गलौज कर हाथ मुक्का, कोहनी से मारपीट किया। इससे नेमसिंग ध्रुव का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ने लगा। उसे तत्काल परिजनों ने शासकीय जिला अस्पताल महासमुंद इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने नेमसिंग को मृत घोषित कर दिया।

एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि, फिंगेश्वर क्षेत्र में 13 नवंबर को स्वास्थ्य कर्मचारी की हत्या की गई थी। वारदात के बाद आरोपी सीएमओ केशराम साहू और उसके दोस्त भाग निकले थे। इन लोगों में जुआ खेलने के दौरान हिसाब पूछने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में सीएमओ केशराम सहित उसके दोस्तों टेमन साहू, नोशराम साहू, देवराज और रोशन को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सभी चचेरे भाई हैं। चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

एसडीओपी ने बताया कि सीएमओ को उसके ही दफ्तर से पकड़ा गया है। थाने से जांच फाइल ट्रांसफर होने में देरी हुई। इसके साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मारपीट से मौत का खुलासा नहीं हुआ था। एसएसएल रिपोर्ट में मारपीट से मौत की पुष्टि होने के बाद गिरफ्तारी की गई है।