छत्तीसगढ़ में मार्च 2027 तक 5 लाख घर होंगे सोलर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। प्रदेश में मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक करीब 95 हजार घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। 1 किलोवाट संयंत्र पर केंद्र से 30 हजार और राज्य से 15 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। प्रदेश में 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य भी रखा गया है।
साय ने कहा कि सौर ऊर्जा रोजगार और स्वरोजगार का नया माध्यम बन रही है। महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सोलर वेंडर के रूप में काम कर रही हैं। प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए हैं, जिससे करीब 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने सोलर उद्योगों के स्टॉलों का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, बैंकों व व्यक्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने सौर ऊर्जा को पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।