ग्रीन स्टील में ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10,921 रोजगार के अवसर

रायपुर, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील में प्रदेश को ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन परियोजनाओं से 10,921 प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्टील का अधिकतम मूल्य संवर्धन प्रदेश में ही हो और डाउनस्ट्रीम व स्पेशियलिटी उत्पादों के निर्माण पर जोर दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टील को ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा उपकरणों जैसे उत्पादों में यहीं बदला जाए, ताकि निवेश और रोजगार प्रदेश में ही बढ़े। उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों में करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 और कारोबारी सुधारों से निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। राजनांदगांव, धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर में चार नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। राजनांदगांव में 306 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को मंजूरी मिली है, जिससे करीब 9 हजार रोजगार की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य में प्रक्रियाएं पारदर्शी हैं और अनुमतियां तय समय-सीमा में दी जा रही हैं।