दंतेवाड़ा, 13 अगस्त। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने श्यामगिरी पहुंचकर 2019 की नक्सली घटना में शहीद पूर्व विधायक भीमा मंडावी समेत 13 शहीदों को श्रद्धांजलि दी। घटना स्थल पर पौधरोपण कर शहीद परिवारों से मुलाकात की और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली।
विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए बस्तर ने बड़ा संघर्ष किया है। अब नक्सली किसी को तिरंगा फहराने से नहीं रोक सकते। बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा लगाने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
ग्रामीणों की मांग पर शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर रखने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए। इस दौरान शहीदों की स्मृति में पौधरोपण कर घटना स्थल की मिट्टी भी संग्रहित की गई।
मंत्री द्वय ने बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा कर लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेने और छत्तीसकला ब्रांड की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर के मांदरी दल से भी मुलाकात की।

