तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन दंतेश्वरी मंदिर में पूजा, नक्सलवाद के खात्मे का संदेश

दंतेवाड़ा, 13 अगस्त। तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया। बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा के 211 बलिदानी जवानों को नमन किया।
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद का खात्मा संभव हुआ है। जिन इलाकों में कभी पहुंचना मुश्किल था, आज वहां गर्व के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने हर घर तिरंगा लगाने और स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति के साथ अभियान में भागीदारी की अपील की। सांसद महेश कश्यप ने इसे ऐतिहासिक गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद क्षेत्र में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया माहौल बना है।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।