रायपुर। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को 21 राज्यों के बीच आकर्षक पवेलियन के लिए ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान मिला। 10 से 12 जुलाई तक आयोजित मेले में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर और भोरमदेव सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। आयोजन के दौरान पर्यटन बोर्ड ने टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के साथ कई बी-टू-बी बैठकें कर पर्यटन निवेश और साझेदारी पर चर्चा की। पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने इसे राज्य की पर्यटन क्षमता और सांस्कृतिक पहचान की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि बताया।

