रायपुर, 26 जून। नवा रायपुर के 81 एकड़ में विकसित हो रहे टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट निर्माण इकाई स्थापित होगी। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड 235 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 4600 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। गुरुवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी ने यूनिट का भूमिपूजन किया।
टेक्सटाइल पार्क में अब तक तीन कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। करीब 445 करोड़ रुपये के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। राज्य सरकार यहां सड़क, बिजली, पानी, ईटीपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर सहित सभी आवश्यक अधोसंरचना विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा।

