छात्रावासों में लापरवाही पर अधीक्षक व कर्मचारी निलंबित

रायपुर, 26 जून। सुकमा जिले में छात्रावासों और आश्रमों के औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। साफ-सफाई में कमी, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और संचालन में लापरवाही पाए जाने पर चार अधीक्षक एवं कर्मचारियों को निलंबित तथा प्रभार से हटाया गया है।

कार्रवाई की जद में कन्या आश्रम दुब्बाटोटा की अधीक्षिका सुशीला कवासी, प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास दुब्बाटोटा के अधीक्षक पुनेम हिरमा, पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास की अधीक्षिका सविता यादव और प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास के भोजराज ठाकुर शामिल हैं। छात्रावासों का संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक प्रभार भी सौंप दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।