रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने बिगड़ी कानून व्यवस्था और कांग्रेसियों द्वारा सरेआम हवाई फायरिंग को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा है कि भूपेश बघेल की बात खुद कांग्रेस के नेता ही नहीं मान रहे हैं। जंगल में ही नहीं, शहरों में भी जंगलराज हो गया है। कांग्रेस के नेता खुलेआम गोलियां चला रहे हैं। जब कांग्रेस के नेता ही मुख्यमंत्री की बात नहीं मानते तो डीजीपी कैसे मानेंगे और कैसे नक्सलियों से लोगों को सुरक्षा दिलवाएंगे?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डीजीपी से कह रहे हैं कि नक्सलियों से सुरक्षा प्रदान करें लेकिन आज सुरक्षा नियमों की धज्जियां तो कांग्रेस पार्टी के लोग ही उड़ा रहे हैं। खुलेआम हवाई फायर कर कांग्रेस के लोगों ने बता दिया कि जंगलराज अब जंगल तक ही नहीं रह गया। भूपेश बघेल के राज में यह शहरों में भी आ गया है। अब भूपेश बघेल को सोचना होगा कि आखिर उनके आदेश का पालन उनके ही कार्यकर्ता नहीं कर रहे हैं, उनके ही लोग नहीं कर रहे हैं तो उनके आदेश का पालन कौन करेगा और कैसे नक्सलियों से छत्तीसगढ़ के लोगों की रक्षा होगी।

