रायपुर। गर्मी में शहरवासियों को सुगम पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने कहा कि पेयजल उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है, इसलिए सभी जोन कमिश्नर प्रतिदिन वार्डों में जलापूर्ति का निरीक्षण करें और टेल एंड तक पानी पहुंचना सुनिश्चित करें।
महापौर ने कहा कि जहां भी जलसमस्या हो, वहां जोन स्तर पर तुरंत कार्रवाई कर उसका समाधान किया जाए। तकनीकी समस्या होने पर मुख्यालय के जल बोर्ड अभियंताओं से समन्वय कर तत्काल निराकरण कराया जाए। उन्होंने पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर संभावित जलसंकट वाले क्षेत्रों की सूची तैयार करने और जरूरत पड़ने पर टैंकर से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध नल कनेक्शनों पर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा।
आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि गर्मी में पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 45 जलागारों की मैकेनिकल सफाई अभियान चलाकर शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर सहित सभी जोन कमिश्नर और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
