राजनांदगांव में खनिज माफिया सक्रिय: चौकियां बंद, बिना रॉयल्टी दौड़ रहीं सैकड़ों गाड़ियां

राजनांदगांव। जिले में खनिज संपदा के अवैध परिवहन का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। खनिज विभाग के एक कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने के बाद कई खनिज जांच चौकियां बंद हो गई हैं, जिसका फायदा उठाकर खनिज माफिया अब बिना रॉयल्टी के वाहनों का परिवहन खुलेआम कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़, डोंगरगांव, राजनांदगांव और खुज्जी विकासखंड के कई इलाकों में रेत और मुरूम से भरी गाड़ियां बिना किसी जांच के सड़कों पर दौड़ती नजर आ रही हैं। इससे शासन को राजस्व की भारी क्षति होने की आशंका है।
पहले जिले में खनिज परिवहन की निगरानी के लिए गठला, मुढ़ीपार, गोकुलनगर, आरी, कोनारी और पाटेकोरा जैसे स्थानों पर चौकियां संचालित होती थीं। इन चौकियों में खनिज से भरे वाहनों की रॉयल्टी पर्ची की जांच की जाती थी। लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण अब कई चौकियां बंद हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकियां बंद होने से अवैध खनिज परिवहन करने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं। अब सड़कों पर बिना रॉयल्टी के सैकड़ों गाड़ियां चल रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर स्थिति लगभग शून्य है।
ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिले में बढ़ते अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन कब तक सख्त कार्रवाई करेगा।