रायपुर/कोण्डागांव। कोण्डागांव की होनहार बेटी रंजीता कोरेटी ने अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर दिखाया है। ताइपे (ताइवान) में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप में रंजीता ने स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ को गौरवांवित किया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रंजीता को बधाई देते हुए कहा कि, “रंजीता की यह उपलब्धि साबित करती है कि अगर बेटियों को अवसर और सही मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी ऊंचाई को छू सकती हैं। यह हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार बेटियों को हर स्तर पर सशक्त और सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रंजीता की इस कामयाबी के पीछे राज्य बाल कल्याण परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग और प्रशिक्षकों का भी अहम योगदान रहा। कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास की मिसाल बन चुकी रंजीता आज प्रदेश की उन बेटियों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने में जुटी हैं।
प्रदेशभर से रंजीता की इस जीत पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। कोण्डागांव में भी जश्न का माहौल है और लोगों को अपनी बेटी पर गर्व है।
