रायपुर, 24 फरवरी 2026।
वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बताया। उन्होंने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया।
1.72 लाख करोड़ के इस बजट में निवेश, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन पर विशेष जोर है। औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत बीते वर्ष 1,000 उद्योगों को उत्पादन प्रमाण पत्र जारी हुए, 8 हजार करोड़ से अधिक निवेश आया और 15 हजार से ज्यादा रोजगार सृजित हुए।
23 नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 250 करोड़, लैंड बैंक हेतु 200 करोड़ और उद्योगों को अनुदान-प्रतिपूर्ति के लिए 750 करोड़ का प्रावधान किया गया है। धमतरी में प्लग-एंड-प्ले फैक्ट्री, नवा रायपुर अटल नगर में कन्वेंशन सेंटर, भिलाई में व्यावसायिक परिसर और राजनांदगांव में ईएमसी 2.0 से औद्योगिक ढांचा मजबूत होगा।
सरकार ने दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और ओसाका, जापान में इन्वेस्टर कनेक्ट के जरिए 8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं।
उद्योग विभाग का बजट 648 करोड़ से बढ़कर 1,750 करोड़ पहुंचना सरकार की स्पष्ट मंशा दर्शाता है। मंत्री देवांगन ने कहा—“संकल्प 2026-27 विकास, उद्योग और रोजगार आधारित नए छत्तीसगढ़ का रोडमैप है।”
