‘संकल्प से सिद्धि’ का रोडमैप: समावेशी विकास के दम पर आगे बढ़ेगा छत्तीसगढ़

रायपुर, 24 फरवरी 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को ‘संकल्प से सिद्धि’ का रोडमैप बताते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि बजट समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, शिक्षा, कृषि और बस्तर-सरगुजा के समग्र उत्थान पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने पांच नए मिशनों—अधोसंरचना, एआई, पर्यटन, स्टार्टअप और खेल उत्कर्ष—की घोषणा की। स्कूल शिक्षा के लिए 13.5% बजट प्रावधान, अबूझमाड़ व जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी, 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़ और आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
कृषि क्षेत्र हेतु 13,500 करोड़ रुपए का प्रावधान करते हुए 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के अंतर की राशि भुगतान जारी रखने की बात कही गई। बस्तर-सरगुजा में खाद्य व कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने 100 करोड़, इंद्रावती नदी पर बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ से अधिक तथा बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियों का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बजट को जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और उनकी टीम को बधाई दी।