राजनांदगांव। जिले में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने आज व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते हुए यह मार्च पुलिस और आमजन के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च में लगभग 300 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली पर्व के दौरान शहर में 100 से अधिक फिक्स प्वाइंट, 50 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई कि वे पर्व को भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं, जबरन रंग लगाने या अभद्र व्यवहार से बचें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को तुरंत दें।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा, “होली खुशियों का पर्व है। इसे शांति और अनुशासन के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
