राजनांदगांव। अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मामलों में कुल 29 पेटी (260.8 बल्क लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई साइबर सेल, थाना बागनदी व थाना डोंगरगढ़ की संयुक्त टीम ने की।
पहले मामले में थाना बागनदी पुलिस ने बागनदी चौक के पास एक कार से 25 पेटी शराब (228 बल्क लीटर) जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत 2.82 लाख रुपये बताई गई है।
दूसरे मामले में थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र में स्कॉर्पियो वाहन से 4 पेटी शराब (32.04 बल्क लीटर) जब्त कर चार आरोपियों को पकड़ा गया।
दोनों प्रकरणों में कुल 3.02 लाख रुपये की शराब व दो चारपहिया वाहन समेत करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
