रायपुर, 2 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और सेवाभावी भी बनें। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल, पर्यटन, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए कहा कि राज्य में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 34 नए नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की।

