मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निखिल कश्यप को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिले, बंधाया ढांढस

रायपुर, 23 जुलाई – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित विधायक कॉलोनी पहुंचकर शोक सभा में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे और बस्तर के पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के सुपुत्र स्वर्गीय निखिल कश्यप को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने स्व. निखिल कश्यप के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने इस कठिन समय में परिजनों को धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

इस दुखद अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने निखिल कश्यप के असमय निधन पर शोक जताया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।