रायपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के पोषण, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंत्रालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वय से काम करने और योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि आगामी कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में महिलाओं व बच्चों से जुड़ी योजनाओं की गहन समीक्षा की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार की गुणवत्ता, मात्रा और वितरण की सघन निगरानी के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित 197 आंगनबाड़ी केंद्रों और PVTG समुदाय के बच्चों के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने विभागीय अमले को सक्रियता और संवेदनशीलता से काम करने को कहा और पीएम मातृ वंदना योजना की प्रगति पर संतोष जताया। बैठक में विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़, कन्या विवाह योजना, सखी सेंटर, मिशन वात्सल्य आदि की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
