हज़ारों लोग बने साक्षी,खारुन गंगा महाआरती का बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

रायपुर। राजधानी रायपुर की जीवनदायनी खारुन नदी के तट पर मंगलवार शाम वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। 108 ब्राह्मणों के द्वारा हुई खारुन गंगा की भव्य आरती का नया इतिहास गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। ढाई लाख दीपकों से भव्य आरती के साक्षी हजारों लोग बने। आरती से पहले खारुन के पवित्र जल की पूजा अर्चना कर स्वच्छ रखने की शपथ ली गई। मंत्रोच्चार और आरती की गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। आयोजन प्रमुख वीरेंद्र सिंह तोमर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष करणी सेना ने पिछले वर्ष इस भव्य आयोजन की शुरुआत की थी। द्वितीय वर्ष इस आयोजन की भव्यता देखते ही बनी। हजारों लोग अपलक इस भव्य नजारे के साक्षी बने।

आयोजन में राज सिंह शेखावत राष्ट्रीय अध्यक्ष करणी सेना,बसंत अग्रवाल रायपुर, दुर्ग जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित हजारों की संख्या में राजधानी सहित आसपास और दूरदराज से लोग शामिल हुए।

खारुन तट पर आकर्षक लेजर शो और भव्य आरती देखने उमड़े हजारों लोग

मंगलवार की शाम ढलते ही खारुन नदी की बीच धारा में अनेक नौकाओं में जब लाखों दीप जगमगा उठे तब खारुन नदी का किनारा ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। जलते दीपों के साथ जब नौकाएं नदी की धारा में चलने लगी तो नजारा देखने हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।  श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर नदी में भी प्रवाहित किया। इधर नौकाओं में प्रज्वलित दीपों के मनोरम दृश्य ने श्रद्धालुओं को मोहित कर दिया।

पंडित धीरज शास्त्री के नेतृत्व में 108 ब्राह्मणों ने की भव्य आरती

उधर घाट की सीढिय़ों पर लगभग आधे किलोमीटर के दायरे में वाराणसी और छत्तीसगढ़ के 108 पंडितों ने महाआरती की। महाआरती के दौरान भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भोलेनाथ समेत अन्य देवी-देवताओं का रूप धारण करने वाले कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। श्रीराम-सीता, लक्ष्मण ने केंवट के साथ नौका पर सवार होकर नदी के बीच जाकर भक्तिभाव जगाया। महाआरती के दौरान अनेक साड़ी, चुनरी को आपस में मिलाकर खारुन नदी को अर्पित किया गया।  महादेवघाट के दोनों छोर पर 54-54 आरती का स्टेज बनाया गया। कुल 108 स्टेज में प्रत्येक में एक-एक पंडित ने आरती थामकर एक साथ आरती की। आयोजक वीरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में खारुन नदी की आरती संपन्न हुई। खारुन गंगा महाआरती में एक साथ 108 स्टेज पर हजारों लोगों के आरती करने का रिकार्ड बनने पर गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम ने प्रमाण पत्र सौंपा।

जब प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर मंच पर पहुंचे

महाआरती के पश्चात बालीवुड के प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर मंच पर पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने महादेव का जयकारा लगाया। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर स्वागत किया। माता कौशल्या की धरती को प्रणाम करते हुए जैसे ही गायक ने ‘ मैं तेरा दीवाना……भजन गाया, श्रद्धालु झूम उठे।