आदर्श ग्राम सुरगी की पंचायत सचिव जावंतीन चंदेल सम्मानित

राजनांदगांव। जनपद पंचायत सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव (25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में) के अवसर पर आदर्श ग्राम सुरगी की पंचायत सचिव श्रीमती जावंतीन चंदेल को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उन्हें यह सम्मान मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री मनीष साहू के हाथों प्रदान किया गया। श्रीमती चंदेल को ग्राम में जल संरक्षण शपथ, वृक्षारोपण, स्वच्छता, हाथ धुलाई, रंगोली प्रतियोगिता, खेलकूद सहित अन्य सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में विशेष योगदान के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ करारोपण अधिकारी जनक शुक्ला, करारोपण अधिकारी ओमप्रकाश वैष्णव, लिपिक हंसराम कोर्राम, पंचायत सचिव एवं ईस्ट मित्र उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती चंदेल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।