रायपुर, 17 अगस्त। कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग की सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी देखने बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के योगदान, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा और प्रदेश की विकास गाथा को तस्वीरों के जरिए प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में एआई तकनीक से छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि में डिजिटल तस्वीर बनाने की सुविधा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है। वहीं, छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति और पर्यटन पर आधारित क्विज में विद्यार्थी और युवा उत्साह से भाग ले रहे हैं।
प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े दुर्लभ छायाचित्र और ऐतिहासिक दस्तावेज भी प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा महतारी वंदन, कृषक उन्नति, प्रधानमंत्री आवास सहित शिक्षा, रोजगार, अधोसंरचना और सुशासन से जुड़ी उपलब्धियों की झलक भी देखने को मिल रही है।
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायी बताया। परिसर में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। प्रदर्शनी 21 अगस्त तक सुबह 10:30 से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

