राजनांदगांव। सावन के तीसरे सोमवार को जीवनदान सेवा संस्था ने डाक कांवड़ यात्रा निकाली। डाक बमों ने मोहरा स्थित शिवनाथ नदी से जल लेकर करीब 30 किमी की दौड़ पूरी कर ग्राम छिपा के लोधेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
ग्राम छिपा पहुंचने पर लोधी समाज के ओंकार भैया और ग्रामीणों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। फलाहार और विश्राम की व्यवस्था भी की गई।
संस्था ने यात्रा के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने का संदेश दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं के नशामुक्त और स्वस्थ रहने से अपराध कम होंगे और परिवार खुशहाल होंगे।
यात्रा का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख ओमप्रकाश अग्निहोत्री, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा, राजबहादुर सिंह और ह्यूमन ग्रुप के सीईओ अमर सिंह राजपूत ने किया। संस्था आगामी चौथे सोमवार को 45 किमी की डाक कांवड़ यात्रा मोहरा से डोंगरगढ़ तक निकालेगी।

