रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा की सघन जांच, 23 अगस्त तक चलेगा अभियान

राजनांदगांव, 17 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के तहत 17 से 23 अगस्त तक सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान में मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट, ढाबों, थोक बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ उनकी गुणवत्ता, लेबलिंग और स्रोत की जांच की जा रही है। मिलावटी, अमानक, भ्रामक नाम से बिकने वाले अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
मावा, खोया, पनीर, दूध, घी, क्रीम, मक्खन और चीज सहित डेयरी उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। दूध के स्थान पर वनस्पति तेल या वसा का उपयोग कर उत्पाद को असली दुग्ध पदार्थ के रूप में बेचने वालों की भी जांच होगी। बिना लेबल और भ्रामक नाम से बिकने वाली मिठाइयों के स्रोत और सप्लायर तक जांच पहुंचाई जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से लाइसेंस-पंजीयन, मानक कच्ची सामग्री और सही लेबलिंग का पालन करने की अपील की है। वहीं नागरिकों से मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबल की जानकारी जांचने तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को देने का आग्रह किया गया है।