मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा – हर वर्ग की भागीदारी से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
भिलाई, ।रूंगटा यूनिवर्सिटी, भिलाई में आयोजित विश्व युवा कौशल उत्सव 2025 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ को ग्लोबल स्किल हब बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।
मुख्यमंत्री ने 8183 प्रतिभागियों को एक सप्ताह में कौशल प्रशिक्षण दिए जाने पर रूंगटा यूनिवर्सिटी को बधाई दी। इस कीर्तिमान को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया मिशन के माध्यम से भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना और अब छत्तीसगढ़ भी नया इतिहास रच रहा है।
कार्यक्रम में गूगल, आईबीएम, इंटरनेशनल काउंसिल के साथ संयुक्त डिग्री पाठ्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा हार्वर्ड और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नवा रायपुर में फार्मा हब, एआई डाटा सेंटर पार्क और पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना राज्य को तकनीकी और औद्योगिक अग्रणी बना रही है।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, कुलपति संतोष रूंगटा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
