रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित है। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, उद्योग, सुशासन व सामाजिक समरसता के हर क्षेत्र में ठोस कदम उठा रही है। वे बिलासपुर के सिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित रजक युवा गाडगे सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने संत गाडगे महाराज की पूजा कर सम्मेलन का शुभारंभ किया और रजक समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं व समाजसेवियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रजक समाज की सनातन परंपराओं में महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके पुश्तैनी व्यवसाय के सशक्तिकरण के लिए रजककार विकास बोर्ड के माध्यम से सस्ती ऋण सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने 3100 रु./क्विंटल की दर से धान खरीदी, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत लाभ, 5500 रु./बोरा दर से तेन्दूपत्ता खरीदी, और 10 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। 5000 शिक्षकों की भर्ती भी जल्द की जाएगी। सम्मेलन में रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, रजनी रजक समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
